सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज और जिला ओलंपिक संघ मिलकर मिनी ओलंपिक कराएंगे, जिसका आयोजन 11 अप्रैल 2021 से होगा। मिनी ओलंपिक में 11 खेल स्पर्धाएं होंगी। अन्य राज्यों की टीमों को शामिल करने पर भी विचार किया जा रहा है।
मिनी ओलंपिक को लेकर बुधवार को जेवी जैन कॉलेज में बैठक हुई। इसमें जिला ओलंपिक संघ के साथ जनपद के अन्य खेल संघों के अध्यक्ष और सचिवों ने हिस्सा लिया। आयोजन अध्यक्ष/प्राचार्य डॉ. वकुल बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान को ध्यान में रखते हुए मिनी ओलंपिक कराया जा रहा है। कोशिश यही है कि आयोजन बड़े स्तर पर हों। जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. अशोक गुप्ता ने अन्य राज्य के खिलाड़ियों को भी निमंत्रण भेजने का प्रस्ताव रखा। जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को और अधिक ऊर्जा मिल सके। बैठक का संचालन डॉ. संदीप गुप्ता ने किया।
बैठक में बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सुधीर जोशी, कबड्डी संघ सचिव सुनील कुमार, जिला बैडमिंटन संघ से मनीष कुमार, जिला एथलेटिक्स संघ से धर्मेंद्र प्रताप, जिला बॉडी बिल्डिंग संघ से गौरव कपिल और डॉ. हरवीर सिंह, खो-खो संघ से नीतू सैनी, जिला वॉलीबाल संघ से मुस्तकीम अंसारी, योग संघ से निशा धीमान, लॉन टेनिस संघ से गुलशन कात्याल, हैंडबॉल संघ से यशपाल पुंडीर मौजूद रहे।
यह खेल होंगे शामिल
मिनी ओलंपिक में बास्केटबॉल, टेबिल टेनिस, वॉलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन, शतरंज, लॉन टेनिस, हैंडबॉल, योगा आदि समेत अन्य खेलों को शामिल किया गया है। इनमें महिला और पुरुष प्रतिभाग करेंगे। हर खेल में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।