शिवालिक के जंगलों में सात हाथी दिखे, 17 की मौजूदगी मिली
सहारनपुर। प्रदेश स्तर पर तीन दिवसीय हाथी गणना के दौरान सहारनपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी मिली है। हालांकि फाइल रिपोर्ट तैयार की जा रही है, लेकिन प्रत्यक्ष और लीद के आधार पर सहारनपुर वन परिक्षेत्र के शिवालिक के जंगलों में 17-18 हाथियों की मौजूदगी मिली है।
प्रदेश के कई टाइगर रिजर्व और वन प्रभागों में एक साथ छह से आठ जून तक दो पाली में हाथियों की गणना शुरू की गई। सहारनपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत शिवालिक के तीन रेंज बादशाही बाग, शाकुंभरी और मोहंड रेंज में गणना के लिए 48 बीट वार टीम का गठन किया। टीमों ने छह से आठ तक दो पाली में गणना की। गणना के दौरान टीम ने हाथियों की मौजूदगी और लीद आदि का जीपीएस लोकेशन लेकर उसकी जानकारी प्रपत्र में भरी।
सहारनपुर वन परिक्षेत्र के वन संरक्षक वीके जैन ने बताया कि तीन रेंजों में भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के गाइड लाइन अनुसार गणना की गई। गणना के अनुसार प्रत्यक्ष रूप से सात हाथी टीम को दिखाई दिए। इसमें तीन टस्कर (दांत वाला नर हाथी) दिखाई दिया, जबकि चार हाथियों की मादा के रूप में पहचान की गई। बीट टीम को तीनों रेंजों में लीद के जरिये हाथियों का मूवमेंट मिला। उनकी मूवमेंट की जानकारी मिली। सरकार से मिले प्रपत्र के अनुसार हाथियों के प्रत्यक्ष और अन्य तरीके से की गई जानकारी को दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि हाथियों का मूवमेंट मोहंड से लेकर यमुना बैराज जो हरियाणा, उत्तरप्रदेश और हिमाचल का बार्डर लगता है, वहां तक है। हाथियों का अधिक जमावड़ा गर्मियों में बैराज के आसपास रहता है। वहां पर उन्हें भोजन और पानी की काफी उपलब्धता रहती है। बताया कि गणना के बाद फाइनल रिपोर्ट बनाकर उत्तर प्रदेश सरकार के वन विभाग को भेजा जाएगा। जहां पर सभी जगहों पर हुई गणना को समाहित किया जाएगा।