छुटमलपुर। फतेहपुर बिजलीघर पर 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर रखने की प्रक्रिया के चलते मंगलवार को दिन भर छुटमलपुर नगर पंचायत सहित 40 गांवों की बिजली गुल रही। प्रचंड गर्मी में बिना बिजली लोग बेहाल हो गए। बुधवार शाम तक सुचारू होने की उम्मीद है।
बता दें कि शनिवार दोपहर फतेहपुर बिजलीघर पर रखा ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके बाद इससे जुड़े छुटमलपुर नगर पंचायत सहित क्षेत्र के 40 गांवों में गंभीर बिजली संकट चल रहा है। एकमात्र ट्रांसफार्मर से उक्त सभी गांवों को तीन जोन में बांट कर शिफ्ट वाइज आठ-आठ घंटे बिजली देने का शेड्यूल बनाया था, लेकिन यह व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हुई। गांवों में तो मुश्किल से दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। मंगलवार तड़के देहरादून से नया ट्रांसफार्मर बिजलीघर पर पहुंच गया था। इसे रखने की प्रक्रिया के चलते सुबह आठ बजे से सभी गांवों की सप्लाई बंद कर दी गई, जो दिन भर चली।
उधर, एसडीओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर रख दिया गया है। अभी इसकी टेस्टिंग चल रही है। सब कुछ ठीक रहा तो बुधवार शाम से आपूर्ति सामान्य रूप से सुचारू करा दी जाएगी।