सहारनपुर। विद्युत निगम की प्रबंध निदेशक ईशा दुहन ने मैरिज हाॅल मालिकों से प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए डीजल जनरेटरों का इस्तेमाल न करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि विद्युत भार बढ़वाने के लिए अब घर बैठे ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। जो तुरंत ही स्वीकृत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण से सभी के स्वास्थ्य को भारी नुकसान हो रहा है। इसकी रोकथाम के लिए विद्युत निगम ने जरूरी कदम उठाया है। मैरिज हाॅलों में डीजल जनरेटरों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड अब ऑनलाइन भार बढ़ाएगा। जिसके चलते कोई भी मैरिज हाॅल मालिक 20 किलोवाट तक का भार बढ़ाने के लिए विभागीय वेबसाइट www.uppcl.org पर जाकर स्वयं आवेदन कर सकते हैं, जिसकी स्वीकृति तुरंत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इससे अधिक भार के संयोजन के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए किसी भी कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। इसके अतिरिक्त भी दैनिक आधार पर या कम दिनों के लिए अस्थायी संयोजन बिना मीटर लगाए भी संबंधित खंड कार्यालय में धनराशि जमा करके लिया जा सकता है।