छुटमलपुर (सहारनपुर)। बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। भारी भरकम बिल राशि बकाया होने के चलते जिन उपभोक्ताओं की आरसी कट गई है वे भी पावर कारपोरेशन द्वारा चलाई जा रही आसान किस्त योजना का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें 31 दिसंबर तक फतेहपुर बिजलीघर में उपस्थित होकर पंजीकरण करना होगा।
पावर कारपोरेशन द्वारा उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे अंधाधुंध राशि के बिजली बिलों की आरसी काटे जाने को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद भारद्वाज की अगवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम और एसडीएम बेहट से मिल कर बिल की राशि ठीक कराने तथा आरसी वापस लेकर उपभोक्ताओं को आसान किस्त योजना का लाभ दिलाने की मांग की। इसके बाद अधिशासी अभियंता योगेंद्र सिंह ने प्रमोद भारद्वाज को भेजे पत्र में अवगत कराया बकाएदार उपभोक्ता अपने बिलों को फतेहपुर बिजलीघर स्थित उपखंड कार्यालय मुजफ्फराबाद में उपस्थित होकर ठीक करा सकते हैं। इसके साथ ही जिन उपभोक्ताओं की आरसी कट गई है वे भी आसान किस्त योजना का लाभ ले सकते हैं। इस संबंध में एसडीएम कार्यालय से भी अधिशासी अभियंता कार्यालय को निर्देश मिल चुके हैं।
बकाएदार उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने के लिए 31 दिसंबर तक अपना पंजीकरण करना होगा। अधिशासी अभियंता के इन आदेशों के बाद बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ताओं को राहत मिली है जिनकी तहसील से आरसी कट चुकी थी।