सहारनपुर। स्मार्ट मीटर से डिस्कनेक्शन की समस्या सामने आने के बाद से बिजली बिलों को लेकर भी कुछ उपभोक्ता सवाल उठा रहे हैं। इसके चलते बिलों के भुगतान और राजस्व वसूली को लेकर विद्युत निगम चिंतित है। इसके चलते ही निगम ने निर्णय लिया है कि राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए लॉकडाउन अवधि में भी कैश काउंटर खोले जाएंगे।
शहर में साप्ताहिक लॉकडाउन फिलहाल शनिवार और रविवार को होता है। इस सप्ताह इन छुट्टियों के अलावा मेला गुघाल के उपलक्ष्य में होने वाला अवकाश भी 28 अगस्त को पड़ रहा है। ऐसे में तीन अवकाश हो जाएंगे। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि अवकाश के बावजूद तीनों ही दिनों में कैश काउंटर खोले जाएंगे। उम्मीद है कि इन दिनों में कुछ हद तक बिल भुगतान हो सकेगा।
तीन सप्ताह पहले ही निगम ने 10 ऐसे फीडर चिह्नित किए थे, जहां राजस्व वसूली सबसे कम हो रही है। इसके साथ ही इन फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में लाइन लॉस का स्तर भी 50 फीसदी से ऊपर है। ऐसे क्षेत्रों में की गई चेकिंग में अब तक 55 घरों के कनेक्शन काटे गए हैं। अधिशासी अभियंता ने बताया कि यदि बिलों के भुगतान में ज्यादा विलंब किया जाता है या बिजली चोरी की जाती है तो आगे भी ऐसी कार्रवाई की जाती रहेगी।