बड़गांव। इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने का निर्णय लिया है। हर 30 किलोमीटर पर रेस्ट एरिया होगा, जिसमें इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
210 किलोमीटर लंबा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कई विशेषताओं वाला है। एनएचएआई द्वारा एक्सप्रेसवे पर बन रहे रेस्ट एरिया में इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लगाने की योजना तैयार कर ली गई है। इस संबंध में शासन ने निर्देश भी जारी किए हुए हैं। सरकार की मंशा है कि सड़कों पर इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाए, जिससे वायु प्रदूषण को कम किया जा सके। एनएचएआई के अनुसार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हर 30 किलोमीटर पर बनाए जा रहे रेस्ट एरिया पर चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। साथ ही इन सभी चार्जिंग स्टेशनों पर वाहनों में बैटरी बदलने की भी सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
फिलहाल बड़गांव क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की बिजली व्यवस्था को सुचारु करने के लिए बड़गांव बिजली घर से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए विद्युतकर्मी देवबंद-नानौता स्टेट हाईवे के किनारे पोल खड़े कर एक्सप्रेसवे के लिए बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में लगे हैं। जेई कोमल प्रताप का कहना है कि फिलहाल तो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को बड़गांव टाउन वाले फीडर से जोड़कर बिजली सप्लाई की जाएगी। उसके बाद फिर सीधे बिजलीघर पर एक्सप्रेसवे लिए अलग से ही कोई स्थायी फीडर की व्यवस्था की जाएगी।