नानौता (सहारनपुर)। एक ठग ने बैंक से लोन दिलाने के बहाने बहला-फुसला कर 61 महिलाओं के साथ धोखाधड़ी कर 80 हजार रुपये की रकम हड़प ली। आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो रहा है। पीड़ित महिलाओं ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
शामली जिले के थाना कांधला क्षेत्र के पूर्व मंत्री व भाजपा नेता विरेंद्र चौधरी के गांव जसाला निवासी पीड़ित महिलाएं अनीता पत्नी मांगेराम, सुरभी पत्नी हरिओम, नौरती पत्नी ओमबीर, नीलम पत्नी पूरण, पिंकी पत्नी शिवकुमार आदि महिलाएं सोमवार को नानौता थाने पहुंची। जहां उन्होंने बताया कि नानौता क्षेत्र के गांव काशीपुर निवासी एक व्यक्ति ने करीब 61 महिलाओं को अलग-अलग बैंक से लोन दिलाने के बात कहते हुए सभी से करीब आठ माह पूर्व 80 हजार रुपये ठग लिए। किसी का भी कोई लोन नहीं होने पर उनको इस ठग पर शक हुआ। इसके बाद उक्त महिलाएं ठग युवक का पता निकालते निकालते उसके नगर स्थित मकान पर दोपहर एक बजे पहुंची। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने युवक से अपने दिए हुए पैसे मांगे तो उसने उन्हें भगा दिया। पीड़ित महिलाओं ने इस मामले में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष ने बताय कि मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।