नागल के ग्राम सुहागनी में पट्टा आवंटन को लेकर ग्रामीणों की खुली बैठक करते एसडीएम देवबंद देवेंद्?
- फोटो : SAHARANPUR
नागल (सहारनपुर)। पट्टा आवंटन सूची में अपात्रों को शामिल किए जाने की ग्रामीणों की शिकायत के बाद गांव पहुंचे एसडीएम ने खुली बैठक कर पात्रता की जांच की। बैठक में अपात्र पाए जाने पर आठ नामों को सूची से हटाते हुए छह नए पात्र लोगों के नाम इसमें शामिल किए गए।
नागल क्षेत्र के गांव सुहागनी में अस्सी लोगों को आवास हीन पट्टे दिया जाना प्रस्तावित है। ग्राम पंचायत द्वारा पट्टा आवंटन सूची के प्रस्ताव के बाद ग्रामीणों ने इसमें शामिल आठ लोगों के अपात्र होने पर एतराज जताते हुए उप जिलाधिकारी देवबंद को प्रार्थना पत्र देते हुए जांच की मांग की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए सोमवार की दोपहर एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडे राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे। यहां उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीणों की खुली बैठक सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आयोजित की। बैठक में पट्टा आवंटन सूची का भौतिक सत्यापन किया गया। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने सूची में शामिल आठ लोगों के नामों पर कड़ी आपत्ति जताई। इस पर एसडीएम नें इन आठ लोगों का अपात्र मानते हुए इनके नाम सूची से हटा दिए। इसके साथ ही मौके पर जांच पड़ताल कर छह नए पात्र लोगों के नाम सूची में दर्ज किए गए। टीम में राजस्व निरीक्षक रिजवान अली, ग्राम प्रधान अजमेर सिंह, आफताब, योगेंद्र आदि मौजूद रहे।