कलेक्ट्रेट सभागार में ईद को लेकर बैठक लेते डीएम अखिलेश सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराया जाए। किसी भी खुले या सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी न की जाए। कुर्बानी के अवशेषों को पूर्व में नियत डंपिंग स्थल पर ही फेंका जाए और मीट को खुले रूप में एक स्थान से दूसरे स्थान पर न ले जाया जाए।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में ईद-उल-जुहा (बकरीद) को लेकर मुस्लिम समाज के प्रतिष्ठित, गण्यमान्य लोगों और प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। डीएम ने सभी एसडीएम और सीओ को अपने-अपने क्षेत्र के मुस्लिम समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ शांति समिति बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए कहा कि कहीं भी गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। उन्होंने विद्युत निगम के अभियंताओं को भी ईद के दिन विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी डॉक्टर एस चनप्पा ने सभी सीओ एवं थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र में शरारती तत्वों को पहले से ही चिह्नित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी की धार्मिक या व्यक्तिगत भावनाओं को आहत करने वाली खबर प्रसारित वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसपी सिटी विनीत भटनागर, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसबी सिंह, सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी, एसपी सिटी विनीत भटनागर, एसपी देेहात अशोक कुमार मीणा, एसपी यातायात प्रेमचंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।