सहारनपुर। बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया जाएगा। पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के जरिये भी निगरानी की जाएगी। अंबाला रोड स्थित ईदगाह पर नमाज से पहले अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बकरीद को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने तैयारियों को पूरा कर लिया है। अंबाला सड़क स्थित ईदगाह में सुबह आठ बजे नमाज अदा की जाएगी। बकरीद की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने ईदगाह का निरीक्षण किया। शहर काजी नदीम अख्तर और जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलवी फरीद ने नगर आयुक्त से भी मुलाकात की। उन्होंने वार्ड 45 में स्ट्रीट लाइट खराब होने और जामा मस्जिद के आसपास सीवर लाइन की सफाई का मुद्दा उठाया।
सुरक्षा रहेगी चाक-चौबंद, बॉडीवर्न कैमरे से लैस रहेंगे पुलिसकर्मी
बकरीद पर सुरक्षा भी चाक-चौबंद रहेगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए महानगर से लेकर जिलेभर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। प्रमुख चौराहों के सीसीटीवी को भी ठीक किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मी बॉडीवर्न कैमरे से लैस रहेंगे। संवेदनशील और मिश्रित इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। पुलिस के आला अधिकारी भी संवेदनशील क्षेत्रों गश्त रहे हैं।
यातायात को किया गया डायवर्ट
बकरीद पर नमाज को देखते हुए यातायात को भी डायवर्ट किया गया है। सुबह पांच बजे से रूट डायवर्ट रहेगा। पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दर्पण तिराहा से अंबाला और सरसावा की ओर जाने वाले सभी वाहनों को शारदा नगर पुल, खलासी लाइन और आईटीसी सड़क की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि, नमाजियों के वाहनों को इस व्यवस्था से छूट दी गई है। सरसावा की ओर से आने वाले और घंटाघर या गागलहेड़ी की तरफ जाने वाले वाहनों को नकुड़ तिराहे से मानकमऊ पुलिया होते हुए बाईपास और सर्किट हाउस हसनपुर मार्ग से निकाला जाएगा। मंडी समिति की ओर से आने वाले वाहनों को कल्पना तिराहा से दर्पण तिराहे की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद उन्हें शारदा नगर पुल और खलासी लाइन होते हुए आईटीसी सड़क से आगे जाने दिया जाएगा। देहरादून की ओर से अंबाला जाने वाले वाहनों को आंबेडकर चौक से डायवर्ट कर दीवानी तिराहे और हसनपुर मार्ग से निकाला जाएगा।