चांद रात पर बाजार में उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में ईद का चांद दिखने के बाद देवबंदी उलमा ने सोमवार को ईद का एलान कर दिया। ईद पर्व को लेकर रमजान के अंतिम दिन बाजार गुलजार रहा। बाजारों में लोग, कपड़े, जूते, चप्पल, टोपी आदि की खरीददारी में लीन रहे। ईद के त्यौहार पर खास दिखने के लिए एक दिन पहले हर आयु वर्ग के लोग रात भर खरीददारी करते रहे।
शहर के नखासा बाजार, नेहरू मार्केट, शहीद गंज, चौक फव्वारा, घंटाघर, कोर्ट रोड, अंबाला रोड आदि क्षेत्रों में ग्राहकों की सर्वाधिक भीड़ उमड़ी। मीठी ईद होने के चलते सिमैया की खूब बिक्री हुई। शहर के ज्यादातर बाजार पूरी रात खुले रहे।
सुबह से लेकर पूरी रात बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। प्रशासन की ओर से भारी भीड़ के चलते जगह जगह पुलिस बल तैनात किया गया हैं। रविवार शाम ईद का चांद दिखते ही मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ गई।
रविवार शाम से ही एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। अंबाला रोड स्थित ईदगाह पर ईद की नमाज सुबह 8.35 पर अदा होगी। ईद उल फितर की नमाज शहर काजी नदीम अख्तर अदा कराएंगे।