कोरोना काल में मांग बढ़ने से बढ़े दाम
चिकित्सक भी संक्रमितों को अधिक अंडे खाने की दे रहे सलाह
फोटो संख्या 4 की सीरीज...
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। फल और सब्जी के साथ अब अंडे से सेहत बनाना भी महंगा हो गया। दो महीने में अंडे के दाम लगभग दोगुना तक बढ़ गए हैं। इसका कारण कोरोना काल में अंडों का सेवन बढ़ना बताया जा रहा है।
शहर के कोर्ट रोड पर अंडा कारोबारी राहुल कहते हैं कि लॉकडाउन में कारोबार ठप रहने से तो बुरा हाल था, लेकिन पिछले दो माह में अंडे की बिक्री तेजी से बढ़ी है। चिकन मटन खाने वालों की संख्या तो कम हुई है, अंडा खाने वाले बढ़ रहे हैं। लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है। पहले उनके पास ज्यादातर खिलाड़ी या जिम जाने वाले युवाओं की ही अधिक भीड़ रहती थी, अब तक अन्य लोग भी आ रहे हैं। कोरोना संक्रमितों के लिए कोविड सेंटरों से लेकर घरों में ही आइसोलेट मरीजों के लिए अंडे भिजवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले 30 अंडों वाला कैरेट 110 से 120 रुपये तक आ रहा था। अब यह 180 से 190 रुपये तक आ रहा है। नॉन वेज खाने वाले अधिकतर युवाओं ने भी चिकन मटन कम कर अंडे की डाइट बढ़ा दी है।
हकीकत नगर में अंडा विक्रेता मोहित मानते हैं कि कोरोना के डर और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए अंडा खाने वालों की संख्या बढ़ी है। इसके चलते ही कीमत भी पहले से करीब दोगुना तक हो गई है। उन्हें सप्लाई उठाने के लिए अब पहले से अधिक पैैसा देना पड़ता है।
ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत है अंडा
अंडा ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत है। इसमें शरीर के लिए आवश्यक तत्व प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन ए, ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है। अंडा खाने से शरीर को जरूरी अमीनों एसिड मिलता है। इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। कोरोना के मरीजों को भी नियमित रूप से अंडा खाने की सलाह दी जाती है। डॉ. बीएस सौढ़ी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहारनपुर।
,