सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक करते मंत्री ओमप्रकाश राजभर। स्त्रोत-विभाग।
गंगोह(सहारनपुर)। गांव मोहनपुरा उर्फ मैनपुरा में हुई कश्यप बंजारा शोषित वंचित अधिकार महारैली में पहुंचे कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शिक्षा, जागरुकता और एकजुटता को समाज की सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि जब तक वंचित की आवाज़ मजबूत नहीं होगी, तब तक समाज में बराबरी संभव नहीं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई सत्ता की नहीं, हक़ और सम्मान की है।
राजभर यहां जिला पंचायत और 2027 के चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। मंत्री राजभर ने शिक्षा के साथ-साथ आरक्षण और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुंचना चाहिए और इसके लिए समाज को खुद भी आगे आकर जागरूक होना होगा। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी वंचित, शोषित और पिछड़े समाज की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार में हुई जीत पर बोलते हुए उन्होंने विपक्षी दलों पर भी कटाक्ष किया और प्रधानमंत्री द्वारा आतंकवाद के खिलाफ लिए गए फैसलों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में भी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई जाएगी।
मंच पर मौजूद राष्ट्रीय महासचिव शक्ति सिंह, प्रदेश अध्यक्ष (पूर्वांचल) सुजीत बंजारा, जिला अध्यक्ष सुरेश कश्यप, राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक अग्रवाल, प्रेमचंद प्रजापति सहित अन्य वक्ताओं ने समाज को एकजुट रहने और मंत्री राजभर के नेतृत्व को मजबूत करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि समाज को एक निडर, मजबूत और शेरदिल नेता की आवश्यकता है, जो उनके अधिकारों और समस्याओं को बेझिझक सामने रख सके, और यह भूमिका ओमप्रकाश राजभर बखूबी निभा रहे हैं। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष शीशपाल सिंह कश्यप, सुरेश कश्यप, मिथुन कश्यप, रोहतास कश्यप, आलोक कश्यप, सतीश कश्यप, अनुज कश्यप, बिरमपाल कश्यप आदि मौजूद रहे।