साउथ सिटी में ईडी के छापे के बाद घर निकलती टीम
- फोटो : SAHARANPUR
पूर्व बसपा एमएलसी इकबाल और उनके करीबी के घरों पर ईडी के छापे
सहारनपुर/लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय(ईडी)की टीम ने बुधवार को बसपा के पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल उर्फ बाल्ला और उनकी एक कंपनी में निदेशक रहे सौरभ मुकुंद के मकानों सहित पांच ठिकानों पर छापे मारे। इस दौरान हाजी इकबाल और उनके परिवार के लोगों के नाम पर बनीं 110 मुखौटा (शेल) कंपनियों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की जानकारी सामने आई है। ईडी इन कंपनियों से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट से भी पूछताछ करेगा।
इस बात की भी चर्चा जोरों पर रही है कि यह कार्रवाई हाथरस कांड के बाद हुई फंडिंग से भी जुड़ी हो सकती है, हालांकि इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है। राज्य चीनी निगम की बंद पड़ी चीनी मिलों के बिक्री घोटाले में लखनऊ के गोमतीनगर थाने में हाजी मोहम्मद इकबाल, उनके पुत्र जावेद और कंपनी के निदेशक सौरभ मुकुंद सहित कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बाद में इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई। पूर्व में सीबीआई भी इनके मकानों पर छापे मार चुकी हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। निदेशालय इकबाल की अघोषित संपत्ति के कुछ कंपनियों में लगा होने के सबूत तलाश रहा है। अभी तक की जांच में यह सामने आ चुका है कि हाजी इकबाल ने कुछ कंपनियां खोलीं और शेयर आदि में निवेश किया। पूर्व एमएलसी पर अवैध खनन के जरिए भी करोड़ों की बेनामी संपत्ति खरीदने का आरोप है। इकबाल ने सहारनपुर में 700 एकड़ में ग्लोकल यूनिवर्सिटी बनाई है। निदेशालय के सूत्र बताते हैं कि जरूरी साक्ष्य हाथ लगने के बाद निदेशालय इकबाल की संपत्ति अटैच करने की कार्रवाई कर सकता है।
सहारनपुर- गांव मिर्जापुर में बसपा के पूर्व एमएलसी के मकान पर ईडी की टीम के पहुंचने पर तैनात स्थान?- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर- गांव मिर्जापुर में बसपा के पूर्व एमएलसी के मकान पर ईडी की जांच के दौरान तैनात रही स्थान?- फोटो : SAHARANPUR