सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से जुड़ी जौहर यूनिवर्सिटी मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। ईडी की टीमें सहारनपुर के साथ रामपुर और दिल्ली में भी एक साथ कार्रवाई कर रही हैं। सहारनपुर में हसनपुर चुंगी स्थित एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के कार्यालय समेत अन्य ठिकानों पर दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। एक सर्राफ के आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है।
रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले में कार्रवाई
ईडी की यह कार्रवाई आजम खान से जुड़े जौहर ट्रस्ट और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित धनशोधन जांच के तहत बताई जा रही है। जांच एजेंसी की टीमें अलग-अलग स्थानों पर वित्तीय लेनदेन, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं। बुधवार को उत्तर प्रदेश के रामपुर और सहारनपुर के अलावा दिल्ली में कुल 10 ठिकानों पर तलाशी की सूचना है।