सहारनपुर। अंबाला मंडल के डीआरएम विनोद भाटिया ने बुधवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। निरीक्षण के दौरान बैग स्कैनर मशीन बंद मिलने पर आरपीएफ को फटकार लगाई। जनरल टिकट खिड़की पर लगी डिजिटल स्क्रीनों पर पान मसाला और मीठी सुपारी के विज्ञापन देखकर नाराजगी जताई। इस पर डीआरएम ने अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
बुधवार को डीआरएम विनोद भाटिया विशेष निरीक्षण यान से मंडल अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले आम टिकट खिड़की पर दिव्यांग, महिला और वरिष्ठ नागरिक यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीआरएम ने स्टेशन पर यात्रियों के सामान की जांच के लिए लगी स्कैनर मशीन का निरीक्षण किया, जो बंद मिली। मशीन को चालू कराने का प्रयास किया गया, लेकिन वह तुरंत नहीं चली। बाद में आरपीएफ कर्मियों को बुलाकर काफी मशक्कत के बाद मशीन चालू कराई गई। इस पर डीआरएम ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
टिकट खिड़की के बाहर लगी स्क्रीन पर पान मसाला के विज्ञापन चलते देखें। इस पर डीआरएम स्क्रीन लगाने और विज्ञापन चलाने के संबंध में पूरी जानकारी तलब की। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन परिसर, एटीएम सुविधा, रेलवे के पैड होटल, रनिंग रूम, पूछताछ केंद्र, मुख्य यार्ड मास्टर कार्यालय, प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय, आरपीएफ के सीसीटीवी कैमरे, पार्सल कार्यालय और लकड़ी पुल पार स्थित ट्रेन पायलटों के नए विश्राम गृह का भी निरीक्षण किया। करीब चार घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान अधिकारी सतर्क नजर आए। इस दौरान सीनियर डीसीएम नवीन कुमार आदि रहे।