सहारनपुर में सिद्धपीठ श्री बालाजी हनुमान मंदिर मोहल्ला चौंताला में राष्ट्र कल्याणार्थ की कामना के लिए संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में हिस्सेदारी कर धर्मलाभ उठाया।
श्री बालाजी आध्यात्मिक सत्संग मंडल ओर से आयोजित संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के अधिष्ठाता पंडित वासुदेव शर्मा निर्मोही ने बालाजी महाराज को चोला पहनाकर किया।
उन्होंने कहा कि होली का त्यौहार सामाजिक बुराइयों को मिटाने वाला पर्व है। जो व्यक्ति भगवान की भक्ति में लीन रहते हैं, सदैव भगवान उनकी रक्षा करते हैं। हमें आज सामाजिक बुराइयों को नष्ट कर राष्ट्र कल्याण की कामना का संकल्प लेना होगा।
सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में हिस्सेदारी कर धर्म लाभ उठाया। मंदिर में वृंदावन की भांति रसिक होली खेली गई। पुष्पवर्षा और अबीर गुलाल के साथ श्रद्धालुओं ने जमकर होली खेली। इस अवसर पर मनमोहक झांकियां भी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में दीपक अग्रवाल, विनय जिंदल, पवन गोयल सहित श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में हिस्सेदारी की।