बिहारीगढ़ के दून हाईवे पर जाम में फंसे वाहन। श्रोत राहगीर
- फोटो : mathura
बिहारीगढ़(सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 307 पर शिवालिक की पहाड़ियों में बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे मोहंड से ऊपर एक मोड़ पर ट्रक खराब होने से मार्ग वन वे हो गया। इससे दो घंटे तक जाम लगा रहा।
डाट काली मंदिर पर रात में आठ बजे वार्षिक उत्सव के तहत भव्य जागरण होने के कारण गढ़वाल मंडल, पोंटा साहिब, विकास नगर, देहरादून सहित श्रद्धालु अपने वाहनों व ट्रैक्टर-ट्राॅलियों से आना शुरू हो गए थे। इस वजह से शिवालिक पहाड़ियों में जाम लगने के बाद स्थिति और विकट हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मोहंड पुलिस चौकी इंचार्ज विनोद कुमार तेवतिया ने पुलिसकर्मियों के साथ जेसीबी मशीन की मदद से खराब ट्रक को साइड में कराया।
इसके बाद करीब दो बजे आवागमन सुचारु हो सका। इस दौरान दो घंटे तक यात्री वाहनों में फंसे रहे। इस क्षेत्र में किसी भी मोबाइल कंपनी का नेटवर्क नहीं होने के कारण लोगों को अपने प्रियजनों से संपर्क करने में दिक्कत आती है। जाम में फंसे यात्रियों का कहना था कि वार्षिक उत्सव के चलते एक दिन के लिए एलिवेटेड रोड को खोल देना चाहिए ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।