सहारनपुर। सोमवार को हल्की बूंदाबांदी ने ठंडक का अहसास करा दिया। अधिकतम तापमान में 5.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। विभाग ने अलगे दो दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने सोमवार को बारिश होने का अनुमान जताया था, जो काफी हद तक सही निकला। जनपद में रविवार को मौसम साफ था और दिनभर धून खिली रही, लेकिन सोमवार की सुबह जब लोग जगे तो आसमान बादलों से घिरा हुआ था और हल्की हवा चल रही थी। पूर्वाह्न करीब 11 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। बेहट रोड क्षेत्र में करीब 15 मिनट की अच्छी बूंदाबांदी हुई, जबकि शहर और दिल्ली रोड क्षेत्र में बूंदाबांदी बेहद हल्की रही। बूंदाबांदी के साथ हवा चलने से हल्की ठंडक का अहसास हुआ। नतीजा यह रहा कि जो लोग दिन में एसी या कूलर चला रहे थे उनमें से कइयों से बंद कर दिए। न्यूनतम तापमान जो रविवार को 26 डिग्री था वह गिरकर 25 डिग्री हो गया, जबकि जो अधिकतम तापमान रविवार को 37.3 डिग्री सेल्सियस था वह गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यानी न्यूनतम तापमान में एक और अधिकतम तापमान में 5.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।