सड़क सुरक्षा को लेकर एसएएम इंटर कॉलेज जागरूक रैली निकालते एनसीसी कैडेट्स
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत संभागीय परिवहन कार्यालय में ट्रक, बस, टेंपो, ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों व चालकों के साथ आयोजित कार्यशाला में इनको जागरूक किया गया। कार्यशाला में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन महेंद्र बाबू गुप्ता ने चालकों, परिचालकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए तथा वाहन के सभी प्रपत्र वैध होने की अवस्था में वाहन संचालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नशा करके वाहन न चलाना, बिना हेलमेट, बिना सीट-बेल्ट के वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी दी। चालकों से दुर्घटनाओं में कमी के लिए सभी यातायात नियमों का पालन करने हेतु चालकों, परिचालकों को सड़क सुरक्षा संबंधी शपथ ग्रहण कराई गई। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने के संबंध में विस्तार पूर्वक बताया।
उन्होंने सरकार द्वारा दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि के बारे में भी बताया, जिससे दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वालों की संख्या में वृद्धि हो सके तथा दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में कमी लाई जा सके। कार्यशाला में आरटीओ प्रवर्तन राधेश्याम, एआरटीओ प्रवर्तन रामप्रकाश मिश्रा, पीटीओ केएन पांडे, संभागीय निरीक्षक अमित सैनी, परिवहन विभाग कर्मचारी, बस, ट्रक, टेंपो, ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारी, चालक व परिचालक मौजूद रहे।