ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत
छुटमलपुर। निर्माण कार्य के लिए मशीन ले कर जा रहा ट्रैक्टर पलट गया, जिसके नीचे दबकर 26 वर्षीय चालक की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार की सुबह फतेहपुर थाना क्षेत्र के भैंसराव निवासी सुंदर (26) पुत्र ईश्वर ट्रैक्टर से लेंटर घोलने की मशीन भटपुरा गांव में ले जा रहा था। गांव में सड़क पर चढ़ाई ज्यादा होने के कारण ट्रैक्टर अगला हिस्सा अचानक उठ गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पलट गया। इसके नीचे दबने से सुंदर की मौके पर ही मौत हो गई। चालक की चीख सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण दौड़े। सूचना के बाद पुलिस भी गांव पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को सीधा कर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि सुंदर भटपुरा गांव में सरकारी शौचालय बनाने के ट्रैक्टर और मशीन लेकर जा रहा था। उसकी मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। सुंदर की सात माह पहले शादी हुई थी। एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि प्रधान की तरफ से तहरीर आई है।