रामपुर मनिहारान। गांव छपरेड़ी के पास लिंक रोड हाईवे पर बृहस्पतिवार की सुबह कोहरे के कारण सड़क मार्ग के किनारे पड़ी मिट्टी के ऊपर चढ़ने पर ट्रैक्टर पलट गया। इससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव टपरी निवासी बीस वर्षीय विशांत पुत्र रकम सिंह लिंक रोड हाईवे पर सुबह पांच बजे के करीब ट्रैक्टर लेकर अपने गांव लौट रहा था। जब वह गांव छपरेडी के पास पहुंचा सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर को वह कोहरे के कारण नहीं देख सका। इससे ट्रैक्टर मिट्टी के ढेर पर चढ़कर पलट गया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से विशांत की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शनाख्त करा कर परिजनों को खबर की। इसके बाद रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे।