सरसावा (सहारनपुर)। कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे के बीच उत्तर प्रदेश शासन ने बृहस्पतिवार को सहारनपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से उनके मूल पद पर मेरठ राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया। उनकी जगह आठ दिन पहले स्पेशल ऑफिसर ऑन ड्यूटी बनाकर भेजे गए कन्नौज मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. दिनेश सिंह मार्तोलिया को प्राचार्य बनाया गया है।
नवागत प्राचार्य डॉ. डीएस मार्तोलिया ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य कोरोना वायरस संक्रमण जैसी बीमारी से बचाव का है। मेडिकल कॉलेज की सभी फैकल्टी किसी भी संभावित खतरे के लिए तैयार रहें तथा उनमें सामंजस्य बना रहे। वहीं डॉक्टर अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि उनका ढाई साल का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है तथा इस दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज को एमबीबीएस कोर्स संचालित करने के लिए एमसीआई की स्थाई मान्यता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि मैं मेडिकल कॉलेज को बेहतर स्थिति में छोड़कर जा रहा हूं।