शिलानयास करते सीएम और मंत्रीगण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के देवबंद में उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी द्वारा नगर में उर्दू दरवाजा का निर्माण कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को उर्दू दरवाजा का शिलान्यास पट का लोकार्पण लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और काबीना मंत्री आजम खां ने किया।
भायला रोड बाईपास पर लाल पत्थर से निर्मित होने वाला यह भव्य दरवाजा दारुल उलूम के पहले छात्र एवं स्वतंत्रता संग्राम के नायक शेखुल हिंद हजरत मौलाना महमूदुल हसन की स्मृति में बनाया जा रहा है।
सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि यह दरवाजा उर्दू के साथ ही महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को समर्पित है। इसके लिए उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी और उसके चेयरमैन प्रख्यात शायर डा. नवाज देवबंदी मुबारकबाद के मुस्तहिक है।
उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के चेयरमैन डा. नवाज देवबंदी ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और आजम खां का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार ने अकादमी की वार्षिक ग्रांट को दोगुना कर और उर्दू आईएएस स्टडी सेंटर के लिए 50 लाख रुपये की वृद्धि करके उर्दू और उर्दू वालों पर
अहसान किया है। इस अवसर पर अकादमी सचिव एस. रिजवान, आईएएस सेंटर के निदेशक भूतपूर्व डीजीपी रिजवान अहमद, फिदा हुसैन, अकील फारूकी मौजूद रहे।