सहारनपुर। करेंसी चेस्ट में जाली नोट मिलने की खबर से हर कोई हैरान है। ऐसे में यदि अपने पास गलती से जाली नोट आ जाता है तो उस जाली नोट से लेनदेन बिल्कुल न करें और न ही घबराएं।
असली जैसे दिखने वाले नोट कई बार एक्सपर्ट आंखों को भी धोखा दे देते हैं। कई बार बड़े लेनदेन के दौरान ऐसा नोट जेब में आ सकता है, जिसका कोई मूल्य नहीं। मतलब की वह जाली हो सकता है। बैंकिंग एक्सपर्ट बताते हैं कि यदि आपके पास जाली नोट आ गया है तो यह ध्यान रखें कि उसे आगे लेनदेन में कतई भी प्रयोग न करें। यह एक अपराध है। जाली नोट मिलने पर सबसे पहले पुलिस को जानकारी दें। साथ ही सीरियल नंबर, राशि और जिससे आपको नोट प्राप्त हुआ है उसके विषय में सही जानकारी उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही जाली नोट को लेने के बाद उसी मूल्य का नया नोट नहीं दिया जाता है।
- इस तरह आपकी जेब तक पहुंचता है नोट
आरबीआई की प्रिंटिंग प्रेस में नोट प्रिंट होेने के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा में संबंधित चेस्ट में भेजा जाता है। इसके बाद चेस्ट से रुपयों के बंडल बनाकर उन्हें बक्सों में रखा जाता है। बैंक अधिकारी बताते हैं कि जिस बैंक की जितनी मांग और उसका कारोबार होता है। उसी हिसाब से आरबीआई उन बैंकों को नकदी आवंटित करता है। बैंकों और एटीएम के जरिये ही नई करेंसी आम आदमी तक पहुंचती है। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा की कई परतें रहती हैं।