सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र की हुसैन बस्ती निवासी नफीसा बेगम ने एविओम इंडिया हाउसिंग फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड पर लोन की अदायगी के बाद दस्तावेज नहीं लौटाने का आरोप लगाया है। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर थाना कुतुबशेर पुलिस ने शाखा प्रबंधक, कैशियर, मैनेजर समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पीड़िता ने तहरीर देकर बताया कि एविओम इंडिया हाउसिंग फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी से अपने मकान का बैनामा रखकर तीन लाख रुपये का लोन लिया था। कंपनी ने लोन स्वीकृत किया। 99,190 रुपये किस्तों और 3.16 लाख रुपये नकद जमा किए। कंपनी अधिकारी-कर्मचारी उनकी फाइल में 1608 रुपये की पेनल्टी जोड़कर लोन अभी पूरी नहीं हुआ दिखा रहे हैं।
पीड़िता ने यह भी बताया कि उसके पास लोन भुगतान की रसीदें और भुगतान का वीडियो है। जब वह अपने मकान के मूल दस्तावेज लेने कंपनी कार्यालय पहुंचीं तो वहां बकाया राशि बताकर दस्तावेज देने से इन्कार कर दिया। आरोप लगाया है कि कंपनी कर्मचारी बार-बार उनसे अतिरिक्त धनराशि की मांग कर रहे हैं, जबकि संपूर्ण भुगतान करने के प्रमाण उनके पास मौजूद हैं। थाना कुतुबशेर पुलिस ने शाखा प्रबंधक, कैशियर मोहित कुमार, दिनेश, लोनकर्ता अनुज, जनरल मैनेजर राकेश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।