सहारनपुर में कभी जीवनदायिनी रही ढमोला नदी को उसका खोया अस्तित्व दिलाने की अमर उजाला की पहल रंग लाने लगी है। एक ओर वर्षों से सोया प्रशासन भी अब इसे लेकर गंभीर नजर आ रहा है।
वहीं शहर के गणमान्य लोग भी इस मुहिम में साथ आ खड़े हुए हैं। बृहस्पतिवार को अमर उजाला कार्यालय में एक बार फिर मंच सजाया। इसमें शहर के गणमान्य लोगों के साथ विकास प्राधिकरण, नगर निगम और प्रशासन के अफसरों को बुलाया।
चर्चा हुई। इसमें अतिक्रमण करने वालों से सख्ती से निपटने का फैसला किया गया। ढमोला नदी को हर हाल में अतिक्रमण से मुक्त कराने पर सहमति बनी।
मौजूद गणमान्य लोगों ने अमर उजाला की इस पहल की सराहना करते हुए इस नेक मुहिम में हर तरह से साथ रहने का वादा अधिकारियों से किया। इस दौरान राकेश कपिल, नाथीराम पठेड़िया, सुुधीर जोशी, एसके दुआ, राजेश गुलाटी, जुनेद खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ढमोला नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन गंभीर है। अतिक्रमण हटाने के लिए नोडल अधिकारी बनाए गए एडीएम (वित्त) हरीशचंद्र ने कहा कि सरकार उन्हें बड़ी गाड़ी, बड़ा आवास और मोटा वेतन देती है।
ऐसे में उनका जमीर उन्हें नमकहरामी करने की इजाजत नहीं देता है। उन्हें ढमोला नदी को बचाने का जो मौका मिला है। ऐसे मौके बार-बार नहीं आते। वह हर हाल में इस ढमोला नदी को अतिक्रमण मुक्त कराएंगे।
इन मुद्दों पर हुई बात
बरसात से पहले ढमोला नदी की बड़े पैमाने पर हो सफाई, नदी पर हुए अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, ढमोला पर कब्जा कराने वाले अफसर भी किए जाएं चिन्हित, अतिक्रमणकारियों की सिफारिश के लिए कोई आगे नहीं आए, पुलिस के अभियान में सहभागी भी बनें लोग
ये लिए गए निर्णय
छह जून से नगर निगम ढमोला में शुरू करेगा सफाई अभियान।, अतिक्रमणकारी चिन्हित हैं, बिना समय गंवाए अतिक्रमण हटाया जाए।, सिफारिश नहीं सुनी जाएगी, ऐसा करने वालों के नाम सार्वजनिक हो।, प्रशासन की तैयारी पूरी, नगर निगम-विकास प्राधिकरण देगा सहयोग।, दो लाख लोगों की जिंदगी को खतरे में नहीं डाली जाए।