सहारनपुर। डीएम सर मुझे मेरी ससुराल भेजो या फिर इच्छा मृत्यु की अनुमति दो। रामपुर मनिहारान की रहने वाली हिना ने जिलाधिकारी मनीष बंसल के सामने कुछ इसी तरह से गुहार लगाई। उसने कुछ देर के लिए धरना भी दिया।
कलक्ट्रेट पहुंची हिना ने बताया कि उसकी शादी 24 अप्रैल 2019 को मुस्लिम रीति-रिवाज के थाना जनकपुरी निवासी युवक से हुई थी। शादी में पिता ने हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष और दहेज लाने की मांग करने लगा। आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। पति उसे बार-बार मायके छोड़ आता था और दहेज में 50 लाख रुपये लाने की मांग करता था। इसके बाद मांग पूरी न होने पर जबरन घर से निकाल दिया।
पति ने उसकी सहमति के बिना किसी और से शादी कर ली। जानकारी मिलने पर जब वह 10 दिसंबर छत्तीसगढ़ से लौटी तो ससुराल पक्ष ने घर में घुसने नहीं दिया। पीड़िता का कहना है कि पति के साथ उसी घर में रहना चाहती है, लेकिन घर में प्रवेश नहीं मिल रहा। पीड़िता ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि पति के साथ उसके घर में रहने की व्यवस्था की मांग की। इस दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने पीड़िता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।