चिलकाना। गांव डिंडोलीखेड़ा के किसानों की सचिव द्वारा नकली खाद देने की शिकायत पर डीएम के निर्देश पर उप कृषि निदेशक ने समिति कार्यालय पहुंच वहां उपलब्ध खाद की जांच की। उनके समक्ष किसानों ने गंभीर आरोप लगाए।
गांव डिंडोलीखेड़ा के किसान राशिद, जावेद, तमुदीन, मुजम्मल, आतिम, आशकार आदि ने डीएम को पत्र भेज कर शिकायत की थी कि उन्होंने सहकारी समिति दास्सा मजरा से 1200 रुपये प्रति बैग के हिसाब से डीएपी खाद खरीदा था। समिति के कार्यवाहक सचिव ने सोसायटी का खाद न देकर धोखाधड़ी से बाहर का नकली खाद दे दिया। इस खाद को खेत में डालने के कारण उनकी गन्ना सहित खीरा आदि सब्जियों की फसल नष्ट हो गई। किसानों का कहना है कि समिति के सचिव की धोखाधड़ी के कारण उनकी फसलों को नुकसान हुआ है। इस मामले की अविलंब जांच कराई जाए। फसलों के हुए नुकसान की भरपाई सचिव से की जाए तथा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उप कृषि निदेशक रामजतन मिश्रा को जांच के लिए समिति कार्यालय भेजा। जहां जांच अधिकारी ने समिति कार्यालय पर किसानों से बात की तथा खाद के नमूने लिए। उनके समक्ष किसानों ने उक्त सभी आरोप लगाते हुए अपने नुकसान की भरपाई की मांग की। राम जतन मिश्रा ने बताया कि वे अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे।