कर्मचारी संक्रमित पाए जाने पर कार्यालय 48 घंटों के लिए बंद होगा: डीएम
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण की जांच में ओर तेजी लाई जाए। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि कंटेनमेंट जोन की सूची तत्काल वेबसाइट पर डाली जाए। सर्विलांस एवं डोर-टू-डोर की सर्वे की कार्रवाई रुकनी नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि आज 2950 सैंपल लिये गए थे। इनमें से 126 लोग संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन कार्यालयों में कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उन्हें 48 घंटों के लिए बंद कर दिया जाए।
कलक्ट्रेट स्थित सभागार में डीएम ने कोरोना वायरस संक्रमण के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को पूरा करने के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। उनके लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य व सीएमओ अपने अपने स्तर से शासन से धनराशि की मांग कर लें। उन्होंने पुलिस अधीक्षक यातायात को निर्देश दिए कि मास्क के बिना घूमने वाले या वाहन चलाने वालों को चिन्हित कर दंडित किया जाए। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि आज 2950 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है । उन्होंने बताया कि आज 2200 एण्टीजन के माध्यम से, 709 आर.टी.पी.सी.आर तथा 22 ट्रूनेट के माध्यम से सैंपल की जांच कराई गई थी। जांच के रिपोर्ट आने पर 126 पॉजिटिव मरीज पाए गए है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसबी सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात प्रेमचंद, सीएमओ डा. बीएससोढ़ी, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज डॉ. डीएस मरतोलिया आदि रहे।