जिलाधिकारी पवन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने कांवड़ यात्रा की व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए काली नदी से शाहजहांपुर-यमुना नदी तक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई न होने पर नाराजगी जताई और डीएफओ को तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट लगाने एवं कांवड़ संघों लगाए जाने वाले शिविरों के आसपास संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु नजर आने पर पुलिस को सूचना दिए जाने के निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने शनिवार को कांवड़ मार्गों, कांवड़ मार्ग पर लग रहे शिविरों का निरीक्षण किया। इसके अलावा काली नदी से शाहजहांपुर-यमुना नदी तक का निरीक्षण किया। डीएम ने कांवड़ मार्ग के किनारे उग रही झाड़ियों, भांग के पौधों, गुल्लर के पौधे न हटाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीएफओ विजय सिंह को रास्ते में खड़ी झाड़ियों की ठीक से सफाई, कटाई व छंटाई किए जाने के निर्देश दिए।
जिला पूर्ति अधिकारी से दुकानदारों द्वारा बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों की लिस्ट लगवाने के निर्देश दिए। विद्युत निगम के अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे बिजली सप्लाई रखने के साथ ही नगर निगम को नगर की सफाई एवं पानी व्यवस्था तथा कांवड़ियों के ठहरने के स्थानों पर उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
एसएसपी प्रदीप कुमार यादव ने कांवड़ संघों के प्रतिनिधियों से कहा कि शिविर के आसपास कोई संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत उसकी सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था की दृष्टि से सादी वर्दी में पुलिस बल भी लगाया गया है और पुलिस 24 घंटे मार्ग पर कांवड़ियों की सुविधा के लिए निरंतर भ्रमण करती रहेगी।
भ्रमण के समय एडीएम ई ओपी वर्मा, नगर आयुक्त नीरज शुक्ला, एसपी देहात, एसपी ट्रैफिक, नगर मजिस्ट्रेट हरिशंकर, एसडीएम सदर रामविलास यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हर-हर महादेव से गूंज उठा राजमार्ग
सरसावा। बरसात के बावजूद शनिवार को शिवभक्तों के काफिले हरिद्वार की ओर प्रस्थान करते रहे। बम बम भोले, हर हर महादेव के जयघोष राजमार्ग पर दिनभर गूंजते रहे। हरियाणा पंजाब राज्यों से आने वाले कांवड़ियों का गाड़ियों की संख्या रोजाना बढ़ रही है। जिसके कारण पुलिस को भी पूरी सख्ती के साथ रूट डायवर्जन प्लान लागू करना पड़ा।
दोपहर के समय जिलाधिकारी तथा पुलिस कप्तान ने भी पूरे प्रशासनिक अमले के साथ यमुना ब्रिज तक दौरा कर पुलिस की कार्यप्रणाली की हकीकत जानी। एसओ डीके यादव ने बताया कि पुलिस किसी प्रकार की कोई लापरवाही नही बरत रही है।
शिवमय हुआ कांवड़ मार्ग
सहारनपुर। शहर का कांवड़ मार्ग बम-बम, बोल बम के उद्घोष से गुंजायमान होने लगा है। विभिन्न राज्यों के कांवड़िये बड़ी संख्या में जल लेकर शहर से गुजर रहे हैं। जिसके चलते प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शनिवार को देहरादून रोड से अंबाला रोड तक दिन भर बोल बम की गूंज से वातावरण भक्तिमय रहा।
हरिद्वार से जल लेकर कांवड़ियों की टोलियां जिले की सड़कों से होकर गुजरने लगी हैं। प्रशासन की ओर से चप्पे चप्पे पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हालांकि रूट डायवर्जन के बाद भी बड़े वाहन कांवड़ियों के लिए मुसीबत बने हैं। शिवभक्तों की सेवा के लिए देहरादून रोड एवं शहर में कांवड़ सेवा शिविरों का लगना शुरू हो गया है।
ड्यूटी में लापरवाही न बरतें वार्डन
सरसावा। नागरिक सुरक्षा कोर की बैठक में जिलाधिकारी के निर्देश के पश्चात सभी वार्डनों को कांवड़ ड्यूटी के चार्ट सौंप दिया है। चीफ वार्डन ने सभी वार्डन को ड्यूटी के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को पुराने चैक पोस्ट के समीप कोर के कार्यालय पर वार्डनों की बैठक आयोजित हुई।
जिसमें चीफ वार्डन अवतार सिंह ने सभी वार्डनों को जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त निर्देशों से अवगत कराया। चीफ वार्डन सभी वार्डनों को सचेत किया कि कांवड़ यात्रा के समय किसी भी तरह का अवकाश मान्य नही होगा। लापरवाही बरतने वाले वार्डन को संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया जाएगा। देशबंधु शर्मा, संजीव अग्रवाल, शमशेर सिंह, दिनेश गुप्ता, पीसी सैनी, डीके चौधरी आदि वार्डन मौजूद रहे।