सहारनपुर। नॉन वेंडिंग जोन (घंटाघर से जामा मस्जिद) से अतिक्रमण हटाने के लिए शनिवार को डीएम मनीष बंसल और एसएसपी रोहित सजवाण खुद सड़क पर उतरे। उनके साथ अपर नगरायुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट सहित नगर निगम का अतिक्रमणरोधी अमला रहा। अधिकारियों को दल-बल के साथ देखकर अतिक्रमणकारियों में खलबली रही।
टाउन वेंडिंग कमेटी ने घंटाघर से नेहरू मार्केट और शहीदगंज को होते हुए जामा मस्जिद तक नॉन वेंडिंग जोन निर्धारित किया है। अमर उजाला ने नॉन वेंडिंग जोन में अतिक्रमण खासकर रेहड़ियां और फड़ लगने को लेकर सोमवार 25 नवंबर के संस्करण में नॉन वेंडिंग जोन में 54 रेहड़ियां, 83 फड़ मिले शीर्षक से प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया था। शनिवार को जिलाधिकारी और एसएसपी के नेतृत्व में इन्हीं बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अधिकारियों को दल और बल के साथ देखकर शहीदगंज व मोरगंज में दुकानदारों ने सड़क पर रखा गया सामान आनन फानन में समेटना शुरू कर दिया। इसके बावजूद बाहर रखे बोर्ड, बैंच, कुर्सी, सब्जी के कैरेट आदि जब्त किए गए।
फुटपाथ पर एक दुकानदार द्वारा लगाई गई स्टील की रेलिंग को डीएम ने उखड़वाया। अनेक अतिक्रमणकारियों से जुर्माना भी वसूला गया। इसके बाद भगत सिंह चौक से अधिकारियों का यह दस्ता डीएम के नेतृत्व में पैदल चलते हुए सब्जी मंडी पुल, जोगियान पुल को होते हुए घंटाघर पहुंचा। घंटाघर पर डीएम और एसएसपी ने अतिक्रमण को लेकर संबंधित अधिकारियां के साथ मंत्रणा की।
इस दौरान एसपी देहात सागर जैन, एसपी ट्रेफिक सिद्धार्थ वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह, अपर नगरायुक्त राजेश यादव, निगम के संपत्ति सुरक्षा अधिकारी हरिप्रकाश कसाना, अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा, कर्नल एचबी गुरुंग आदि मौजूद रहे।