- 500 एमवीए के ट्रांसफार्मर लगने के बाद सुधरेगी बिजली आपूर्ति
- विद्युत लाइन में ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन की समस्या पहले से कम होगी
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। इस बार दीपावली पर महानगर की तरह ग्रामीण क्षेत्र और कस्बों में पहले से बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी। विद्युत लाइन में बार-बार ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन जैसी समस्या कम होगी। उत्तर प्रदेश ट्रांसमिशन लिमिटेड की ओर से 500 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद बिजली आपूर्ति में काफी सुधार की उम्मीद जतायी जा रही है। यह ट्रांसफार्मर लगाने और विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता सुधार के लिए जिले में तीन दिन तक शटडाउन लिया गया। बुधवार को सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक के लिए आखिरी शटडाउन लिया गया।
इस शटडाउन के चलते बेहट, छुटमलपुर, सरसावा, पिलखनी सहित अन्य क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। लेकिन आने वाले दिनों में लोगों को राहत मिलेगी। अभी तक कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में हालात ठीक नहीं थे। बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने, ओवरलोड, ट्रिपिंग जैसी समस्याओं के कारण लोगों को बिजली कटौती झेलनी पड़ती रही है। विद्युत निगम के अवर अभियंताओं की टीमों को अपने क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने के लिए भी कहा गया है ताकि दीपावली तक बिजली आपूर्ति और बेहतर रहे।
वर्जन ---
- बिजली आपूर्ति में सुधार के मकसद से ही जिले में तीन दिन तक शट डाउन लेना पड़ा है। इसका आपूर्ति में सुधार का लाभ दिवाली पर दिखाई देगा। इस सुधार का ज्यादा असर अब कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में मिलेगा।
पंकज श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम।