बलियाखेड़ी में बैठक में निर्देश देते मंडलायुक्त
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। ग्राम प्रधानों की बैठक में मंडलायुक्त लोकेश एम ने कोविड टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 20 जनवरी तक सभी गांवों के प्रत्येक व्यक्ति को कोविड टीके की पहली डोज अवश्य लग जानी चाहिए।
रविवार को बलियाखेड़ी विकासखंड सभागार में ग्राम प्रधानों की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें मंडलायुक्त ने ग्राम प्रधानों को कोविड टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान यह सुनिश्चित करें कि 20 जनवरी तक ग्रामसभा के प्रत्येक व्यक्ति को कोविड टीके की प्रथम डोज लगवा दी लाए। इसके लिए ग्राम प्रधान के नेतृत्व में डोर टू डोर अभियान चलाया जाए। जो भी व्यक्ति अवशेष रह गए हैं, उनका हर हाल में टीकाकरण करा लिया जाए। साथ ही 15 से 18 वर्ष के बच्चों की सूची तैयार कराकर उनका भी टीकाकरण कराया जाए। कोविड की दूसरी डोज को भी दिलाने के लिए भी अभियान चलाया जाए। बैठक में कोविड टीकाकरण को लेकर ग्राम प्रधानों से भी राय ली गयी। ग्राम प्रधानों ने कहा कि टीकाकरण के लिए टीम गांव में सुबह के समय आनी चाहिए। इस पर मंडलायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को इसके लिए निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर संजीव मांगलिक, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, तहसीलदार सदर तपन मिश्र सहित अन्य अधिकारी और क्षेत्र के ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे।