निरीक्षण करते मंडलायुक्त एम लोकेश
- फोटो : SAHARANPUR
नकुड़ (सहारनपुर)। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने बृहस्पतिवार को तहसील कार्यालय पहुंच कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने फार्मों की सही प्रकार जांच न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए बीएलओ और बीडीओ के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे अचानक तहसील कार्यालय पहुंचे मंडलायुक्त डा. लोकेश एम को देख तहसील कर्मियों में हड़कंप मच गया। मंडलायुक्त ने सबसे पहले एसडीएम कार्यालय में बैठकर ईआरओ की बैठक ली। इस दौरान कई अधिकारियों के कार्य संतोषजनक ना होने पर नाराजगी व्यक्त की। इसके उपरांत उन्होंने मतदाता पंजीकरण कार्यालय के कंप्यूटर रूम पहुंच वोट बनवाने हेतु की जा रही फार्मों की फीडिंग का कार्य देखा। ऑपरेटर से इस बारे में जानकारी ली। यहां एसडीएम को कार्य की सही तरह से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त द्वारा पाया गया कि बीएलओ, सुपरवाइजरों, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्राप्त फार्मों की सही प्रकार जांच नहीं की जा रही है। इस पर मंडलायुक्त द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए खंड विकास अधिकारी गंगोह के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी और भाग संख्या 400 के बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम नकुड़ को निर्देशित किया गया।