डायवर्जन मार्ग कहीं ठीक तो कहीं हालत खराब
सहारनपुर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा के लिए अफसरों ने व्यवस्था और सुरक्षा का प्लान बनाकर रूट डायवर्जन का मार्ग भी निर्धारित कर लिया। जिन मार्गों से रूट डायवर्जन होना है, वहां कुछ की हालत ठीक है, तो कई बदहाल हैं। इनमें सबसे खराब हालत सहारनपुर-शामली-दिल्ली हाईवे की है, जिस पर जगह जगह गहरे गड्ढे हैं।
पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखकर रूट डायवर्जन का प्लान बनाया है, जो 20 जुलाई से लागू किया जाना है। डायवर्जन के मुताबिक दिल्ली और शामली की तरफ से सहारनपुर, देहरादून और हरिद्वार की तरफ जाने वाले हल्के वाहन एवं यात्री बसें हसनपुर चौक से कलक्ट्रेट तिराहा, दीवानी तिराहा, सदर बाजार कोतवाली के सामने से विश्वकर्मा चौक, अस्पताल चौक, आंबेडकर चौक, लिंकरोड, पहलवानपीर, भारत माता चौक, पुरानी चुंगी, कोतवाली देहात के सामने से, बेहट, कलसिया, छुटमलपुर होकर जाएंगे। शामली की तरफ से सहारनपुर आने वाले प्रमुख हाइवे पर जगह जगह गड्ढे हैं, तो बरसात ने हालत और खराब कर दी है। आलम यह है कि रामपुर मनिहारान और नानौता क्षेत्र में सहारनपुर जनपद की सीमा तक गड्ढों की गिनती नहीं है। बरसात के कारण गड्ढों में पानी भरने पर दिक्कत और बढ़ गई है। ऐसे में इस मार्ग पर वाहनों का डायवर्जन परेशानियां और बढ़ा देगा। उधर, छुटमलपुर से कलसिया की तरफ भी रूट डायवर्जन के तहत वाहन निकाले जाएंगेे। इस मार्ग की हालत तो अच्छी है, लेकिन मांडुवाला और संसारपुर गांव में नदी के पुल संकरे हैं। यहां एक बार में सिर्फ एक वाहन ही निकल सकता है। वाहनों की अधिकता होने पर पुल पर आवागमन प्रभावित होता है और ट्रैफिक जाम लग जाता है। इसी तरह छुटमलपुर से देहरादून मार्ग पर सड़क तो अच्छी है, लेकिन लाल पुल पर वन वे ट्रैफिक व्यवस्था है। बरसात के सीजन में पहाड़ी से मलबा आने पर हाइवे बंद होने की दशा में आवागमन प्रभावित होता है।
बड़गांव -नानौता-देवबंद मार्ग की स्थिति अच्छी है। इस मार्ग से हरियाणा के डाक कांवड़ियों के ज्यादातर वाहन हरिद्वार की तरफ जाते हैं। उधर, चिलकाना से सहारनपुर मार्ग पर गांव हलालपुर से साइफन पुलिया तक सड़क टूटी हुई है। गहरे गड्ढे हैं। इस मार्ग से डाक कांवड़ तथा पैदल कांवड़ वाले श्रद्धालु चलते हैं। वहीं, गंदेवड़ -चिलकाना रोड पर साढ़ोली कदीम के निकट सड़क में गड्ढे हैं। इसके अलावा नकुड़- शाहजहांपुर मार्ग पर मरम्मत कार्य के बाद सड़क की हालत ठीक हुई, लेकिन मरम्मत कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके अलावा देवबंद से नन्हेडा आस्सा मार्ग भी खस्ताहाल है। इस मार्ग से श्रद्धालु कांवड़ लेकर श्री नागेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। सहारनपुर के बॉर्डर जंधेड़ी रेलवे फाटक से लेकर नानौता में संजय चौक तक और जम्मूगढ़ से लेकर नगर की सीमा तक गड्ढे ही गड्ढ़े हैं।
------- रूट डायवर्जन के प्रमुख मार्ग
1- अंबाला से देहरादून की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहन यमुनानगर से यमुना ब्रिज शाहजहांपुर चेक पोस्ट, चिलकाना, गंदेवड़, कलसिया, छुटमलपुर से होकर देहरादून की ओर जाएंगे। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
2- देहरादून, हरिद्वार से शामली, दिल्ली की ओर जाने वाले सभी वाहन छुटमलपुर से कलसिया तिराहा, गंदेवड़, चिलकाना, शाहजहांपुर, नकुड़, गंगोह, नानौता से जाएंगे। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
3- देहरादून, हरिद्वार से मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले वाहन छुटमलपुर से भगवानपुर, पुहाना, लखनौती चौराहा से चौकी मंगलोर रोड देवबन्द, रोहाना के रास्ते होकर जाएंगे। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
4- दिल्ली, शामली की ओर से सहारनपुर, देहरादून, हरिद्वार की ओर जाने वाले हल्के वाहन एवं यात्री बसें हसनपुर चौक से कलक्ट्रेट तिराहा, दीवानी तिराहा, सदर बाजार कोतवाली के सामने से विश्वकर्मा चौक, अस्पताल चौक, आंबेडकर चौक, लिंकरोड, पहलवानपीर, भारत माता चौक, पुरानी चुंगी, कोतवाली देहात के सामने से, बेहट, कलसिया, छुटमलपुर होकर जाएंगे।
5- अंबाला से शामली, दिल्ली की ओर जाने वाला सभी वाहन चौकी शाहजंहापुर से नकुड़, अंबेहटा, गंगोह, नानौता होकर जाएंगे।
6- शामली, दिल्ली से अंबाला की ओर जाने वाले वाहन नानौता से गंगोह, नकुड़, चौकी शाहजंहापुर के रास्ते तो मुजफ्फरनगर से अंबाला की ओर जाने वाले वाहन देवबंद से बड़गांव, संजय चौक नानौता, गंगोह, नकुड़, चौकी शाहजंहापुर होकर जाएंगे।
----------
दिल्ली -सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के हैंडओवर हो चुका है। अन्य जो मार्ग लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत हैं, वहां मरम्मत कराई गई है। जहां अभी गड्ढे हैं, वहां भी शीघ्र मरम्मत कराई जाएगी। ---- मोहित कुमार, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग