सहारनपुर। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की पाइप लाइन में सेंधमारी कर डीजल व पेट्रोल चोरी करने के मामले में गिरफ्तार मुजफ्फरनगर के जिला आपूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला को पुलिस ने शनिवार को एसीजेएम की अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इसके अलावा फरार चल रहे जनपद हरिद्वार की कोतवाली लक्सर के गांव कुआंखेड़ा निवासी प्रीतम को भी पकड़ा है। इस मामले में पुलिस अब तक 14 आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि जिला आपूर्ति अधिकारी मुजफ्फरनगर बीके शुक्ला के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। डीएसओ को शुक्रवार शाम पकड़ा था। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके कार्यालय में तैनात श्रीराम कन्नौजिया चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। वह कुछ समय पूर्व सेवानिवृत्त हुआ था, लेकिन इसके बाद वह विभाग की गाड़ी चला रहा था। श्रीराम कन्नौजिया उनका राजदार था। उसके माध्यम से वह भोपा में उदित कुमार द्वारा अवैध रूप से संचालित पेट्रोल पंप से 30 हजार रुपये महीना लेते थे। पुलिस श्रीराम कन्नौजिया को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शनिवार दोपहर बाद डीएसओ बीके शुक्ला को एसीजेएम की कोर्ट में पेश किया। न्यायालय ने डीएसओ को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एसएसपी ने बताया कि कई अन्य पेट्रोल पंप से भी उगाही करने की बात सामने आई है। पुलिस पड़ताल कर रही है।