जिला पंचायत चेयरपर्सन का कार्यकाल खत्म, अंतिम दिन निपटाई सभी फाइलें
सहारनपुर। जिला पंचायत कार्यालय का माहौल बुधवार को कुछ अलग नजर आया। पहले जब चेयरपर्सन दफ्तर आती थीं तो अपने कार्यालय में सदस्यों के साथ चर्चा होती थी। चर्चा का बिंदु होता था अफसरों की मनमानी का। आज बोर्ड का अंतिम दिन था तो, माहौल बदला हुआ था। चेयरपर्सन तस्मीम बानो कार्यालय में रूटीन कार्यों में व्यस्त रहीं। उन्होंने फाइलों पर हस्ताक्षर करके कार्य निपटाने का काम किया। बुुधवार रात 12 बजे इनका कार्यकाल पूरा हो गया। अब जिलाधिकारी जिला पंचायत के प्रशासक होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य कराने में जिला पंचायत की अहम भूमिका होती है। इसके चलते जिला पंचायत हमेशा से ही राजनीति का अखाड़ा रहा है। मौजूदा जिला पंचायत बोर्ड का शपथ ग्रहण और पहली बोर्ड बैठक 14 जनवरी 2015 को हुई थी। इसी के चलते बुधवार रात 12 बजे के बाद जिला पंचायत की पूरी कमान अपर मुख्य अधिकारी के हाथों में आ गई।
रहा खुशनुमा माहौल
भले ही पूरे पांच साल जिला पंचायत के अफसर और चेयरपर्सन के बीच तल्खी रही। मगर बोर्ड कार्यकाल के अंतिम दिन खुशनुमा माहौल रहा। जिला पंचायत चेयरपर्सन तस्मीम बानो और अपर मुख्य अधिकारी डॉक्टर सुमनलता एक ही कमरे में गुफ्तगू करती नजर आईं। दोनों ने रूटीन की फाइलों पर हटाए। एक दूसरे को मिठाई भी खिलाई।
डिजिटल हस्ताक्षर हो गए निष्क्रिय
जिला पंचायत चेयरपर्सन तस्मीम बानो के डिजिटल हस्ताक्षर बुधवार रात से निष्क्रिय हो गए। इसके लिए अपर मुख्य अधिकारी डॉक्टर सुमनलता ने बैंकों को बुधवार दिन में ही पत्र भेज दिए। जिला पंचायत चेयरपर्सन के वित्तीय अधिकार सीज हो गए। अब भुगतान के लिए प्रशासक के तौर पर जिलाधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षर प्रभावी होंगे।
सड़क निर्माण के लिए जल्द होंगे ई-टेंडर
जिला पंचायत सात करोड़ रुपये की धनराशि से बनने वाली सड़कों के निर्माण के लिए जल्द ही ई-टेंडर जारी होंगे। जिला पंचायत में अभी 13 करोड़ रुपये के 59 निर्माण कार्यों के लिए एग्रीमेंट की प्रक्रिया चल रही है। जबकि पंचम वित्त आयोग से दो करोड़ रुपये की धनराशि हाल ही में प्राप्त हुई है। अभी 33.76 करोड़ रुपये के 451 निर्माण कार्यों पर निर्माण चल रहे हैं।
पांच वर्ष का कार्यकाल बेहद अच्छा रहा। बोर्ड चलाने का सुखद अनुभव रहा। हालांकि कई बार बोर्ड बैठकों में तनाव भरा माहौल भी बना, जो राजनीति का हिस्सा है। पांच वर्षों में कराए गए विकास कार्यों से संतुष्ट हूं, लेकिन इससे बेहतर हो सकता था। -- तस्मीम बानो, चेयरपर्सन जिला पंचायत।