सहारनपुर। राजकीय आईटीआई के तहत संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना एवं अप्रेंटिसशिप योजना की समीक्षा बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कुछ उद्योगों की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश प्रधानाचार्य को दिए।
जिलाधिकारी ने राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि जो अधिष्ठान (उद्योग) राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रोत्साहन योजना (नैप्स) पोर्टल पर पंजीकृत होने के बाद भी प्रशिक्षार्थियों को शिशिक्षु के रूप में योजित नहीं कर रहे हैं। ऐसे अधिष्ठानों को चिह्नित कर नोटिस जारी करें। उन्होने निर्देश दिए कि अप्रेंटिसशिप के तहत जो अधिष्ठान नैप्स पोर्टल पर पंजीकृत होते हुये भी कार्यरत कर्मचारियों के सापेक्ष 2.5 प्रतिशत से कम प्रशिक्षार्थियों को योजित कर रहे हैं। ऐसे अधिष्ठानों को भी नोटिस जारी किए जाएं।
उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि वह राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक अधिष्ठानों को नैप्स पोर्टल पर पंजीकृत कराएं। पीएम इंटर्नशिप योजना के तहत 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक पास आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अधिष्ठानवार चिह्नित करने करने के निर्देश दिए।