शाकंभरी। करोड़ों रुपये की लागत से सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी के आसपास के क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए चल रहे शाकंभरी देवी कारीडोर की प्रगति एवं निर्माण कार्यों का शुक्रवार को जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदाई संस्था को गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने निरीक्षण की शुरुआत भूरादेव मंदिर से की और वहां से सिद्धपीठ तक हो रहे विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने टाइल्स बिछाने, पदयात्रा मार्ग निर्माण, पर्यटक आवास गृह, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं अन्य सुविधाओं के कार्यों की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने स्वयं एक ईंट को उखाड़ कर सीमेंट की मात्रा देखा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य न केवल उच्च गुणवत्ता के हो बल्कि समय से पहले पूरे किए जाएं, ताकि आने वाले समय में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सके। उन्होंने कहा कि सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। संवाद