सहारनपुर। जिला जज और एसएसपी ने मंगलवार की शाम जिला कारागार का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाएं देखी, जो दुरुस्त मिली। निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन में हड़कंप मचा रहा।
मंगलवार की शाम सात बजे जिला जज राजीव शर्मा और एसएसपी दिनेश कुमार जिला कारागार पहुंचे। उन्होंने जिला कारागार की बैरकों और अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही बंदियों से उनकी समस्याएं पूछी। दोनों अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त मिली। जेल प्रशासन को दोनों अधिकारियों ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कारागार प्रशासन में हड़कंप मचा रहा। करीब एक घंटा जेल में रूकने के बाद जिला जज और एसएसपी वापिस लौट गए। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि जिला कारागार में सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त मिली।
बैंकों की चेकिंग, संदिग्ध लोगों से पूछताछ
सहारनपुर। मंगलवार को एसएसपी के निर्देश पर जनपद भर में पुलिस ने बैकों में चेकिंग अभियान चलाया। इसके साथ ही बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था देखी। बैंकों के आसपास घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई।
महानगर मेें कोतवाली सदर बाजार, कोतवाली मंडी, कोतवाली नगर, थाना जनकपुरी, थाना कुतुबशेर और देहात कोतवाली पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बैंकों की चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था देखी। इसके साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई और उनका नाम, पता और मोबाईल फोन नंबर रजिस्टर में लिखे। इसी तरह पूरे जनपद में चेकिंग अभियान चलाया गया। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चेकिंग अभियान चलाया गया है।
मोबाईल फोन शॉप की चेकिंग
सहारनपुर। महानगर में पुलिस ने मोबाईल फोन की दुकानों पर भी चेकिंग अभियान चलाया। वहां पर लैपटॉप, पेन ड्राइव और मोबाइल फोन में अपलोड करने वाले डाटा की चेकिंग की। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि मोबाइल फोन दुकानों पर दुकानदारों द्वारा लैपटॉप में क्या-क्या डाटा रखा गया, इसकी पड़ताल की गई है। कहीं पर कोई खामी नहीं मिली।
जिला कारागार का निरीक्षण करते जिला जज राजीव शर्मा और एसएसपी दिनेश कुमार- फोटो : SAHARANPUR