देवबंद उपकारागार में बंदियों को सैनिटाइजर का वितरण करती स्वच्छ भारत मिशन की जिला समन्वयक जसलीन ?
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। स्वच्छ भारत मिशन की जिला समन्वयक जसलीन कौर ने उपकारागार पहुंचकर कोविड-19 से बचाव के लिए जेल प्रशासन की मदद से बंदियों को सैनिटाइजर आदि सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों को कोरोना से बचाव के तरीके भी बताए।
सोमवार को जिला समन्वयक जसलीन कौर सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे स्थित उपकारागार पहुंचीं। उन्होंने जेलर एमपी सिंह के साथ महिला व पुरुष बंदियों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए साबुन, सैनिटाइजर व मास्क आदि का वितरण किया। इस अवसर पर जसलीन कौर ने बंदियों को कोरोना से बचाव के लिए सबसे जरूरी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा समय समय पर साबुन से हाथ धोने तथा सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। जेल स्टॉफ को भी सैनिटाइजर आदि सामग्री का वितरण किया गया। जेलर एमपी सिंह की ओर से जसलीन कौर को वैश्विक महामारी कोविड-19 के खिलाफ लड़ी जाने वाली लड़ाई में कर्मयोद्धा के रुप में नि:स्वार्थ भाव से सेवा करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रदीप त्यागी सहित जेल का स्टॉफ मौजूद रहा।