सहारनपुर-मुरादाबाद रूट पर सोमवार सुबह लक्सर के पास मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया।
इस वजह से स्टेशन पर सैकड़ों यात्रियों का बुरा हाल रहा। इस मार्ग के घंटों तक बाधित रहने से डाउन रूट पर संचालित कई ट्रेनों को सहारनपुर से लक्सर की बजाय मेरठ, गजरौला, हापुड़ के रास्ते आगे निकाला गया। लक्सर की ओर से जाने वाले यात्रियों को अपने टिकट कैंसिल करवाने पड़े।
रेलवे स्टेशन पर लक्सर की ओर से मुरादाबाद जाने वाले यात्री यह सुनकर हैरान रह गए कि सहारनपुर-मुरादाबाद रूट बाधित चल रहा है। यहां रेलवे स्टेशन मास्टर रूम और पूछताछ कक्ष पर बताया गया कि लक्सर के पास मालगाड़ी के डिरेलमेंट हुआ है।
इसके चलते सुबह साढ़े छह बजे के बाद से ही रूट बाधित हो गया है। इस घटना के कारण सात बजे के बाद लक्सर की ओर से होते हुए सहारनपुर आने वाली और यहां से उस ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया। रूट बाधित होने का सबसे अधिक असर डाउन लाइन की ट्रेनों पर पड़ा।
सहारनपुर से लक्सर की बजाय गाड़ियों को मेरठ, गजरौला, हापुड़ वाले रास्ते से आगे निकालना पड़ा। लक्सर की ओर से जाने वाले यात्रियों को टिकट कैंसिल कराने पड़े। मुरादाबाद से आगे जाने वाले मुसाफिरों को घंटों इंतजार और बदले हुए रूट से आगे का सफर करना पड़ा।