गंगोह। मंदिर के चंदे को लेकर हुए विवाद में गांव मछरौली के ग्राम प्रधान के बेटे निशांत ने गांव के ही तीन युवकों पर पिस्टल से फायरिंग के प्रयास का आरोप लगाया है। इस दौरान हुई हाथापाई में आरोपी युवक पिस्टल और बाइक छोड़कर भाग गए, जिन्हें बाद में पुलिस को सौंप दिया गया।
थाने पर दी तहरीर में निशांत शर्मा ने बताया कि पिछले कई दिनों से गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में मंदिर के दान को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी चल रही थी। रविवार शाम ग्रुप में वॉयस मैसेज के जरिए हुई बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद तीन युवक बाइक पर सवार होकर गांव स्थित प्रेम चौक के पास पहुंचे। उसका घर भी वहीं पास में ही है। बाइक सवार दो युवक उसके पास आए, जबकि उनका एक साथी कुछ दूरी पर उतर गया।
आरोप है कि इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर उसकी ओर तान दी और फायरिंग का प्रयास किया। खतरा भांपकर निशांत ने शोर मचाया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। हाथापाई में बाइक असंतुलित होने से वह दोनों बाइक सहित नीचे गिर गए। पिस्टल भी उनके हाथ से छूटकर गिर गई। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर तीनों युवक घबरा गए और पिस्टल व बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग गए। पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से मिली पिस्टल व बाइक को कब्जे में ले लिया।
वर्जन
मामले में तहरीर मिली है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- शशिप्रकाश शर्मा, सीओ गंगोह