सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित एक कार शोरूम में सर्विस के दौरान कार के पार्ट्स बदलने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर शोरूम के एक मैकेनिक ने कार मालिक के साथ मारपीट कर दी। कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में शोरूम प्रबंधन ने संबंधित मैकेनिक को नौकरी से हटाने की बात कहने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ।
नानौता निवासी फ्रूट आढ़ती समीर अपनी कार की सर्विस कराने के लिए दिल्ली रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी के पास एक कार शोरूम में पहुंचे थे। समीर का आरोप है कि सर्विस के दौरान उनकी कार के नए पार्ट्स निकालकर पुराने पार्ट्स लगा दिए गए। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो मैकेनिक ने उनके साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद समीर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। शोरूम मैनेजर धर्मेंद्र राणा और वर्कशॉप मैनेजर रोहित ने बताया कि संबंधित कर्मचारी को नौकरी से हटा दिया गया है। उधर, सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।