बिहारीगढ़। गणेशपुर में एक्सप्रेसवे के लोकार्पण समारोह के लिए तैयार किया गया अत्याधुनिक जर्मन हैंगर पंडाल अब धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। इस पंडाल को बनाने में 12 दिन तक कर्मचारी रात दिन लगे रहे थे। इसका सामान 70 ट्रकों में भरकर लाया गया था।
यह पंडाल अपनी भव्यता, आधुनिक तकनीक और व्यवस्थाओं के कारण पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा। जर्मन हैंगर तकनीक पर आधारित इस ढांचे को दिल्ली की कंपनी द्वारा तैयार किया गया था, जिसे पूरी तरह वॉटरप्रूफ और वातानुकूलित बनाया गया था। तेज धूप और संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए इसका डिजाइन तैयार किया गया था।
करीब 25 कर्मचारी दिल्ली से यहां पहुंचे थे, जिन्होंने लगातार 12 दिन तक रात दिन मेहनत कर इस विशाल ढांचे को खड़ा किया। इसी कंपनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देहरादून स्थित महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित सभा के लिए भी इसी तरह का पंडाल तैयार किया था, जो काफी चर्चा में रहा।
स्थानीय लोगों के लिए यह पंडाल किसी बड़े आयोजन से कम नहीं था। क्षेत्र के कई लोगों ने पहली बार इतना विशाल, सुंदर और आधुनिक पंडाल देखा। लोगों ने इसकी व्यवस्था, ठंडक और साफ-सफाई की खुलकर प्रशंसा की।