जिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड के बाहर गैलरी में अतिरिक्त बेड पर भर्ती मरीज।
सहारनपुर। गर्मी में बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। एसबीडी जिला अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड फुल होने से गैलरी में बेड लगाकर मरीज भर्ती किए जा रहे। सात दिन में 1332 मरीज भर्ती किए गए, जबकि 7612 मरीज ओपीडी में चिकित्सकों को दिखाने के लिए पहुंचे। 797 को इमरजेंसी में देखा गया। सबसे ज्यादा बुखार, पेट दर्द के मरीज हैं।
इन दिनों 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान चल रहा है। एसबीडी जिला अस्पताल की ओपीडी एक हजार के पार पहुंच गई है, जबकि सामान्य दिनों में ओपीडी एक हजार से नीचे ही रहती है। अस्पताल में उल्टी-दस्त, वायरल बुखार, पेट दर्द, त्वचा, आंखों में जलन, सिरदर्द आदि मरीजों की ओपीडी बढ़ रही है। मरीजों की संख्या में इजाफा होने से अस्पताल के वार्ड फुल होने लगे हैं। इमरजेंसी वार्ड फुल हो गया है। इसके चलते अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को भर्ती करने के लिए गैलरी में बेड डाल दिए हैं। वहीं पर मरीजों को ग्लूकोज लगाई जा रही है। 150 से अधिक मरीज प्रतिदिन वार्डों में भर्ती किए जा रहे हैं। अस्पताल 320 बेड का है।