पहले से ही गुटबाजी की शिकार सपा में तीन सीटों पर पहले से घोषित टिकट बदले जाने से असंतोष फूटने लगा है। सहारनपुर देहात सीट पर घोषित किए प्रत्याशी को बाहरी बताते हुए विरोध हो रहा है जबकि नकुड़ और देवबंद सीटों पर ऐन वक्त पर टिकट बदले जाने से कार्यकर्ताओं के एक गुट में असंतोष है।
जिले की सात में से छह विधानसभा सीटों पर शिवपाल यादव और अखिलेश यादव दोनों की लिस्ट में एक ही प्रत्याशियों के नाम थे। सिर्फ नकुड़ विधानसभा सीट पर शिवपाल यादव ने चौधरी इरशाद को और अखिलेश यादव ने पूर्व सांसद तबसुब हसन को प्रत्याशी घोषित किया था।
अब सपा ने देवबंद सीट से पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र राणा की पत्नी का टिकट काटकर कांग्रेस से मौजूदा विधायक माविया अली और सहारनपुर देहात से चौधरी अब्दुल वाहिद के स्थान पर एमएलसी आशु मलिक के भाई गुफरान अहमद को उम्मीदवार बनाया है। ऐन वक्त पर हुए इस बदलाव के चलते स्थानीय स्तर पर असंतोष के स्वर उभरने लगे हैं। देवबंद में मीना राणा समर्थक और नकुड़ में चौधरी इरशाद के समर्थक अपना रोष जता रहे हैं। वहीं देहात सीट पर घोषित प्रत्याशी को बाहरी बताते हुए विरोध सामने आने लगा है।
वरिष्ठ सपा नेता चौधरी अब्दुल गफूर ने प्रेस को बयान जारी कर कहा कि बाहरी व्यक्ति को टिकट देकर सपा हाईकमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ा है। तेली समाज के स्थानीय नेताओं की उपेक्षा की गई है। उन्होंने सपा हाईकमान से इस टिकट पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए ऐसा नहीं होने पर विरोध करने की चेतावनी दी।
सपाइयों ने फूंका पार्टी प्रत्याशी का पुतला
सहारनपुर देहात विधान सभा से समाजवादी पार्टी से गुफरान मलिक को टिकट दिये जाने पर कार्यकर्ताओं ने पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में विरोध जताते हुए सपा प्रत्याशी का पुतला फूंका। कहा कि बाहरी नेता का टिकट बर्दास्त नहीं होगा।
क्षेत्र के ग्राम कुसैनी में शनिवार को सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अथर अली के नेतृत्व में सहारनपुर देहात विधान सभा सीट से सपा हाईकमान द्वारा घोषित प्रत्याशी गुफरान मलिक का पुतला फूंका।
अथर अली ने कहा कि जो कार्यकर्ता कई सालों से सहारनपुर देहात विधान सभा में पार्टी के लिये दिन रात मेहनत कर रहे हैं उनकी अनदेखी कर बाहर के नेता को टिकट देकर उनको बेईज्जत करने का काम किया गया है। कहा कि बाहर के नेता को बर्दास्त नहीं किया जायेगा। यदि पार्टी प्रत्याशी नहीं बदला जाता तो वे सपा को छोड़ने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
नरेश यादव, संजीव यादव, मांगा यादव, मुजम्मिल, जौनी, नीटू यादव, सोनू यादव, शाहिद हसन, अहकाम, शोएब, शहजाद, आकिल, फिरोज आदि सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।