सहारनपुर। सर्किट हाउस सभागार में क्रेता-विक्रेता बैठक का आयोजन राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा किया गया। इसमें किसानों और बागवानों ने सीधा संवाद खरीदारों के साथ किया। बैठक में 60 मीट्रिक टन के पांच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए।
जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह ने बताया कि ऐसे एमओयू किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने में सहायता करेंगे। इससे एफपीओ को सशक्त बनाने व जिले से कृषि व बागवानी उत्पादों के निर्यात को नई दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भविष्य में भी कृषि विपणन विभाग व एपीडा द्वारा उत्पादकों और निर्यातकों के मध्य समन्वय स्थापित कर कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे।
मुख्य अतिथि सभापति कृषि उत्पादन मंडी कुलदीप सिंह ने किसानों और बागवानों को इस तरह के कार्यक्रमों का पूरी तरह से लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपनिदेशक प्रशासन विपणन देवेंद्र कुमार ने की। वरिष्ठ विपणन निरीक्षक मुकुल कुमार, मंडी निरीक्षक अनुज कुमार ने किसानों को निर्यात के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। केवीके वैज्ञानिक डॉ. आईके कुशवाहा ने बागवानी में रोग व कीट प्रबंधन के विषय में बताया। एपीडा से विशाल सैनी ने संस्था के महत्व और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस अवसर पर किसान, बागवान और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।